पृष्ठ

नया धमाका

समाचार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
समाचार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

6/05/2011

बाबा रामदेव गिरफ्तार !! गांधीजी के सत्याग्रह पर कांग्रेस का प्रहार !!!


बाबा रामदेव को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. रामदेव रामलीला मैदान पर सत्याग्रह पर बैठे थे. दिल्ली पुलिस ने देर रात एक बजे के करीब रामलीला मैदान पर धावा बोला और करीब एक घण्टे की रस्साकसी के बाद बाबा रामदेव को अनशन स्थल से उठा लिया. रात सवा दो बजे बाबा रामदेव को एक एंबुलेन्स में भरकर पुलिस उनको अज्ञात स्थान की ओर लेकर चली गयी.
रात के करीब सवा बजे पुलिस ने अचानक रामलीला मैदान पर सत्याग्रह स्थल पर धावा बोल दिया और सीधे वहां पहुंची जहां बाबा आराम कर रहे थे. बाबा रामदेव के साथ आचार्य बालकिशन को भी पुलिस ने पकड़ने की कोशिश की तो समर्थकों ने उनको बचाने के लिए घेरा डाल दिया. इसके बाद बाबा के समर्थकों और पुलिस के बाद धक्का मुक्की शुरू हो गयी. करीब एक घण्टे की मशक्कत के बाद पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले छोड़े और उसके बाद वहां बिना बल प्रयोग किये बाबा को दबोच लिया.
रात करीब सवा दो बजे एक एम्बलेंस में भरकर उन्हें अजमेरी गेट की ओर से अज्ञात स्थान की ओर रवाना कर दिया गया. इसके बाद पुलिस द्वारा बाहर लगाई गयी बैरिकेटिंग हटा ली गयी और रामलीला मैदान में पंद्रह मिनट पहले अजमेरी गेट की ओर से अंदर घुसी पुलिस की स्पेशल टीम भी बाहर निकल गयी. पुलिस उन्हें कहां ले गयी है यह कह पाना अभी मुश्किल है.
बाबा रामदेव को पकड़ने के लिए पुलिस ने भारी बंदोबस्त किये थे. दिल्ली गेट के आस पास से ही रामलीला मैदान जानेवाला सारा ट्रैफिक रोक दिया गया था. रामलीला मैदान के चारों ओर भारी पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. पुलिस ने दो ओर से रामलीला मैदान पर धावा बोला. पहले धारा 144 लगाई गयी. इसके बाद नई दि्लली स्टेशन की ओर से समर्थकों को डरा धमकाकर वहां से भाग जाने के लिए कहा गया. दूसरी ओर अजमेरी गेट की तरफ से पुलिस ने बाबा रामदेव के पंडाल पर हमला किया और जब बाबा भागकर मंच की ओर पहुंचे और उनके समर्थकों ने उनको घेर लिया तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और बाबा रामदेव को गिरफ्तार कर लिया.
हालांकि पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही है. दिल्ली के पुलिस कमिश्नर ने बयान दिया है कि रामलीला मैदान में बाबा रामदेव के समर्थकों में झड़प हो गयी थी जिसके लिए वहां धारा 144 लगा दी गयी. पुलिस के इस बयान का मतलब ही यही है कि उस झूठे झड़प से बचाने के नाम पर पुलिस बाबा रामदेव को वहां से उठा ले गयी है. जमीनी हालात यह बता रहे हैं कि करीब सवा दो बजे अजमेरी गेट की तरफ से जो एंबुलेन्स वहां से बाहर निकली उसमें बाबा रामदेव को ले जाया गया क्योंकि एंबुलेसन्स के निकलते ही अजमेरी गेट की ओर से रामलीला मैदान की ओर जानेवाली बैरिकेटिंग हटाकर आसफ अली रोड पर ट्रैफिक बंद कर दिया गया जिस पर एंबुलेस आगे बढ़ी थी. थोड़ी देर बाद आसफ अली रोड से भी बैरिकेटिंग हटा ली गयी और ट्रैफिक की आवाजाही शुरू हो गयी. इसका मतलब है कि जो एंबुलेन्स सवा दो बजे वहां से बाहर निकली उसमें बाबा रामदेव को ही गिरफ्तार करके ले जाया गया.

3/22/2011

गुजरात दंगों पर मोदी ने दी थी अमरीका को लताड़

ताजा विकिलीक्स खुलासे जाहिर हुआ है कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करना अमरीकी महावाणिज्य दूत को काफी भारी प़डा था। इस बातचीत में मोदी ने अमरीका को एक तरह से झिड़कते हुए कहा था कि दंगों और मानवाधिकार के मसले पर अमरीका कुछ न बोले तो ही अच्छा है। उन्होंने अमरीका पर पलट वार करते हुए कहा था कि इस बारे में खुद अमरीका का रिकॉर्ड इतना खराब है कि उसे किसी को उपदेश देने का कोई हक नहीं है।

विकिलीक्स खुलासों के मुताबिक अमरीकी अधिकारियों ने वाशिंगटन को भेजी अपनी रिपोर्ट में बताया था कि गुस्साए मोदी ने ओवन पर पलटवार करते हुए कहा था, यह गुजरात का अंदरूनी मामला है, अमरीका तो खुद मानवाधिकार हनन के गंभीर मामलों का आरोपी रह चुका है। यह रिपोर्ट 27 नवंबर, 2006 को भेजी गई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक गांधीनगर में हुई इस औपचारिक और सौहार्दपूर्ण मुलाकात में क़डवाहट का माहौल तब बन गया जब ओवन ने गुजरात इन्फ्रास्टक्चर और प्रशासन से इतर मुख्यमंत्री मोदी से राज्य के सांप्रदायिक हालात पर बात छे़ड दी। यह मुलाकात मोदी को अमरीका की ओर से वीजा दिए जाने से इनकार के बाद पहली बार हो रही थी। अमरीका ने मार्च, 2005 में मोदी को वीजा देने से इनकार कर दिया था जब उन्हें वहां किसी कार्यक्रम में हिस्सा लेने जाना था।
एक अखबार में छपी खबर के मुताबिक 2 नवंबर, 2006 को अमरीकी महावाणिज्य दूत, माइकल एस ओवन ने इस बातचीत का जिक्र केबल में किया था। केबल के मुताबिक ओवन ने मोदी से कहा था, गुजरात के साथ अपने बिजनस और पीपल टु पीपल रिलेशंस पर तो हम काफी खुश हैं, लेकिन राज्य में सांप्रदायिक हालात को लेकर चिंतित है। खास तौर पर हमारी चिंता इस बात को लेकर है कि अब तक 2002 के दंगों के लिए किसी को भी दोषी नहीं माना गया है। ओवन की इस बात पर गुस्सा हो गए थे। मोदी ने जवाब में तीन बातें कही थी। पहली, 2002 का घटनाक्रम गुजरात आंतरिक मामला है और यूएस को इस मामले में हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है। दूसरी, यूएस खुद मानवाधिकार हनन का दोषी पाया गया है, चाहे मामला अब धाबी का हो, ग्वांतमाला का हो या फिर 26/11 के बाद सिखों पर हमलों का। इसलिए यूएस को ऎसे मामलों में बोलने का कोई अधिकार नहीं है। तीसरी बात, देश के किसी अन्य हिस्से के मुकाबले मुसलमान इस राज्य (गुजरात) में ज्यादा सेफ हैं, तो ऎसे में किसी को क्या परेशानी हो रही है। ओवन के यह कहने पर कि सिर्फ यूएस ही नहीं, इंडियन नेशनल हयूमन राइट्स कमिशन भी गुजरात के दंगों में हिंसा न रोक सकने को राज्य सरकार की विफलता मानता है, मोदी ने पलट कर कहा था कि इंडियन नेशनल हयूमन राइट्स कमिशन निष्पक्ष नहीं रहा और उसकी रिपोर्टस गलत रही है।

1/05/2011

भ्रष्टाचार और दलाल, देश हुआ हलाल

दो दशक पुराना बोफोर्स का जिन्न आयकर न्यायाधिकरण की एक रिर्पोट के कारण फिर बाहर आ गया है। आयकर न्यायाधिकरण की यह रिर्पोट ऐसे समय में आई है जब सरकार इस मामले को सबूतों के अभाव में बंद करने की कोर्ट से गुजारिश कर रही है। आयकर न्यायाधिकरण ने इस सौदे में 41 करोड़ रुपये की दलाली के लेन-देन की बात की है और साथ ही कहा है कि इतनी-इतनी राशि विन चढ्ढा और ओटावियों क्वात्रोची के खातों में जमा भी की गई। देश में भ्रष्टाचार का इतना बोलबाला हो गया है कि पिछला पूरा वर्ष राष्ट्रमंडल खेलों में धांधली की चर्चा ही मीडिया में छाई रही अभी यह चर्चा जारी ही थी कि महाराष्ट्र में आदर्श सोसाइटी घोटले के कारण मुख्यमंत्री अशोक चह्राण को अपनी कुर्सी गवानी पड़ी।

देश में सबसे बड़े घोटले के रुप में 2-जी स्पेक्ट्रम घोटला चर्चा में आ गया। इस घोटले ने पिछले सभी रिकार्ड तोड़ दिये। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की रिर्पोट में गड़बड़ी की चर्चा की गई। उच्चतम न्यायालय ने 2-जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटले को लेकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से शपथ पत्र मांगा। ऐसा पहली बार हुआ कि जब किसी घोटाले के सिलसिले में शीर्ष अदालत ने सरकार के मौखिक जवाब पर शक जाहिर करते हुए आदेश दिया कि वह इस मामले में प्रधानमंत्री की चुप्पी या उनकी सक्रियता से जुड़े जवाबों को शपथ पत्र के माध्यम से रखे।
इस घोटाले के कारण संसद का पिछला सत्र बिना कोई काम किये ही समाप्त हो गया क्योंकि सरकार विपक्ष की संयुक्त संसदीय समिति से जांच की मांग पर सहमत नही हुई। इन तमाम घोटालो के कारण कांग्रेस पार्टी की लोकप्रियता में एक बड़ी गिरावट आई है। आम आदमी इन घोटालों के कारण बेहद निराश हो गया है। और वह यह भी जानता है कि चाहे जेपीसी बने या कोई आयोग। घोटाला करने वालों का कुछ बिगड़ने वाला नही है। आज अगर अपनी पार्टी के दबाव में आकर अशोक चह्राण और दूरसंचार मंत्री राजा इस्तीफा दे देते है तो अगले चुनाव में वह पुनः अपनी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीत कर फिर आ जायेगे।

देश की आधी से ज्यादा आबादी तो यह ही नही जान पाती कि घोटाला किस चीज का हुआ है। राजनीतिक पार्टियों को अपने इन घोटालो में लिप्त सदस्यों के कारण कोई खास फर्क नही पड़ता। अब इन घोटालों को समझना आसान नही रहा। अब तक भ्रष्टाचार के जो रुप हमारे सामने आते रहे है, वे आम तौर पर रिश्वतखोरी और कालाबाजारी के रहे है। लेकिन जबसे इसमें राजनीतिक लोग शामिल होने लगे है तब से मामला बहूत गंभीर हो गया है। हमारे यहां भ्रष्टाचार किसी संगीन जुर्म में नही आता। इसी लिए यह एक बड़े कारोबार का अकार लेता जा रहा है। बड़े घोटालेबाज अपनी राजनीतिक एवं प्रशासनिक पुहंच के कारण बचे रहते है। इनकी जांच करने वाले आयोग और जांच ऐजसियां मामलों को इतना लम्बा चलाती है कि लोग सब भूल जाते है, हां छोटे मोटे अपराधियों के लिए न्यायचक्र अपना काम करता रहता है। छोटी मोटी चोरियों, गबन, रिश्वतखोरी आदि में लिप्त अपराधी सजा पा ही जाते है, परन्तु यह बड़े अपराधी बचे रहते है। राजनीतिक पार्टियों को अपने इन घोटालो में लिप्त सदस्यों के कारण कोई खास फर्क नही पड़ता।

कृष्ण मेनन से लेकर कृष्णामचारी तक और बोफोर्स और प्रतिभूति घोटालों में आज तक किसी को कोई सजा नही हुई। दरअसल सरकारे खुद भ्रष्टाचार को बढ़ावा देती रही है और यह समास्या स्वतंत्रता के पूर्व से चली आ रही है। 1937 में बनी कांग्रेसी सरकारों पर भ्रष्टाचार के कई गंभीर आरोप लगे थे, भ्रष्टाराचार के विरोध में गांधी जी ने सत्याग्रह किया था। 1967 में बनी श्रीमती इंदिरा गांधी की सरकार पर भष्ट्राचार को बढ़वा देने का आरोप भी लगा। 1961 में प्रताप सिंह केरो द्वारा पंजाब में अपने बेटे को सिनेमा हाल बनाने के लिए सरकारी जमीन कोड़ियों के भाव देने का मामला भी चर्चित रहा है। 1984 में राजीव गांधी की सरकार और 1991 में नरसिंह राव सरकार पर भी ऐसे आरोप रहे है।

भ्रष्टाचार के तमाम मामले दम तोड़ चुके है और आज जो चर्चा में है समय के साथ साथ इनका भी वही परिणाम होगा। जिस तरह की सक्रियता आज न्यायालय और मीडिया 2-जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटले में दिखा रहे है ऐसी ही सक्रियता कभी हवाला कांड में देखने को मिलती थी उसका क्या हुआ मालूम नही। भ्रष्टाचार को रोकने के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति की जरुरत है जो कही दिखाई नही देती। मीडिया भी अब इससे बचा नही रहा। निराशाजनक यह है कि सामाजिक सेवा करने वाले गैर सरकारी संगठनों पर भी भ्रष्टाराचार के छीटे पड़ रहे है उनके लेन-देन में पररर्दिशता की बेहद कमी है। भ्रष्टाराचार से लड़ने वाले मोर्चे पर हम बेहद कमजोर होते जा रहे है। ऊपर से राजनेताओं, व्यपारियों और नौकरशाहों का एक ऐसा गठजोड़ बनता जा रहा है जिसका एक मात्र मकसद ज्यादा से ज्यादा मुनाफा कमाना हो गया है। अद्योगिक घरानों से जुड़े लोग अब सीधे राजनीति में आने लगे है और इनकी संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। जनसेवा के नाम से जानी जाने वाली राजनीति अब एक कारोबार का रुप लेती जा रही है जो आम आदमी के हित्त में नही है।

राजनीति और नौकरशाही के स्तर पर बढ़ते भ्रष्टाराचार से आम आदमी को जहां उसका वाजिब अधिकार नही मिल पा रहा वही देश की साख पर बट्टा भी लग रहा है। भ्रष्टाचार हमारी रगों में समा गया है और हम उसे निकाल नही पा रहे है। भ्रष्टाचार पर व्यापक बहस की जरुरत है कि आर्थिक अपराध करने वाला आखिर क्यों असानी से छूट जाता है? क्यों इसे संगीन अपराध नही बनाया जाता? सारा देश देख रहा है कि इतने बड़े बड़े घोटले बाहर आ रहे है और सरकार जेसीपी नही बनाने पर ही अड़ी हुई है। देश कब तक यह सब बर्दाशत करता रहे?

12/11/2010

26/11 पर धर्म की राजनीति करने की फिराक में थी कांग्रेस

खुद को धर्मनिरपेक्षता का झंडाबरदार होने का दावा करने वाली कांग्रेस पार्टी मुंबई हमले के बाद इस घटना को धार्मिक रंग देने की फिराक में था। पार्टी के एक वरिष्‍ठ नेता ए आर अंतुले ने आरोप लगाया कि मुंबई हमलों में हिंदूवादी ताकतों का हाथ है। हालांकि शुरू में विवाद बढ़ता देख कांग्रेस ने इस बयान से पल्‍ला झाड़ लिया लेकिन बाद में पार्टी ने हमलों में उग्र हिंदू संगठनों की साजिश की बात स्‍वीकार कर ली। ऐसे में अमेरिका को भी देश की सत्‍ताधारी पार्टी की नियत में खोट नजर आती है।

विकीलीक्‍स के ताजा खुलासे में अमेरिका की इस सोच का खुलासा हुआ है। मुंबई पर हुए आतंकी हमले की घटना के एक महीने बाद भारत में तत्‍कालीन अमेरिकी राजदूत डेविड मलफोर्ड ने कांग्रेस पार्टी के प्रति अपनी इस राय का बखान अमेरिकी विदेश मंत्रालय को भेजे गोपनीय संदेश में किया। 23 दिसम्‍बर 2008 को लिखे गए इस संदेश का खुलासा विकीलीक्‍स ने किया है।
अमेरिकी राजदूत ने संदेश में कहा, ‘कांग्रेस पार्टी ने अपने नेता (अंतुले) से दूरी बनानी चाही लेकिन दो दिन बाद एक बयान जारी कर इस घटना के पीछे साजिश की बात कबूल कर ली। इस दौरान अंतुले को भारत के मुस्लिम समुदाय का खूब समर्थन मिलने लगा था। ऐसे में आगामी आम चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने अपने रुख से पलटी मार ली और कहा कि इस घटना के पीछे साजिश हुई है।’
क्‍या कहा था अंतुले ने
 26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हुए आतंकी हमलों में 166 लोग मारे गए थे। इन हमलों के दौरान मुंबई एटीएस के चीफ हेमंत करकरे सहित कई पुलिस अधिकारी भी शहीद हुए थे। 17 दिसम्‍बर 2008 को कांग्रेस नेता और तत्‍कालीन अल्‍पसंख्‍यक मामलों के मंत्री ए आर अंतुले ने कहा, ‘आतंकियों के पास करकरे को मारने की कोई वजह नहीं थी। वह (करकरे) आतंकवाद का शिकार हुए या इसकी इसकी आड़ में किसी अन्‍य ताकतों की साजिश का शिकार हुआ, इसके बारे में कुछ भी कहना मुश्किल होगा।’ अंतुले ने यह भी कहा था कि करकरे की मौत को मालेगांव में हुए धमाकों से जोड़कर देखा जाना चाहिए जिनकी जांच इस आईपीएस अधिकारी पर थी और उग्र हिंदूवादी संगठन के लोग इन धमाकों के संदिग्‍ध हैं।
विकीलीक्‍स की वेबसाइट पर शुक्रवार को प्रकाशित अमेरिकी राजदूत के संदेश के मुताबिक, ‘गृह मंत्री पी चिदम्‍बरम की ओर से अंतुले का बयान खारिज किए जाने के बावजूद भारत के मुस्लिम समुदाय को लगा कि उन्‍हें पुलिस बेवजह निशाना बनाती है और सच उजागर करने को चुप कर दिया जाता है। इस पूरे मामले से साफ है कि कांग्रेस पार्टी जाति/धर्म की राजनीति को बढ़ावा देने की कोशिश में है क्‍योंकि उसे लगता है कि ऐसा करना उसके हित में है।’

मुंबई हमले पर दिग्विजय दे रहे पाक का साथ : कविता करकरे ने दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा

मुंबई हमले में शहीद हुए एटीएस प्रमुख हेमंत करकरे की मौत को लेकर एक बयान के चलते कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह खुद कठघरे में आ गए हैं। करकरे की पत्‍नी कविता करकरे ने कहा कि उनके पति की हत्‍या के पीछे सिर्फ पाकिस्‍तान है और इसमें हिंदू संगठनों का हाथ बताना या उनसे जोड़कर देखना गलत है। यही नहीं, करकरे ने दिग्विजय के बयान का हवाला देते हुए यह भी कहा कि ऐसे बयान सिर्फ पाकिस्‍तान को फायदा पहुंचाएंगे।

कविता करकरे ने दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा है कि वह सिर्फ वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं। कविता ने इस बात से इनकार किया कि हेमंत और दिग्विजय सिंह के बीच कोई बातचीत हुई थी।

कविता ने कहा, 'जब मेरे पति मालेगांव ब्लास्ट की जांच कर रहे थे तब हिंदू संगठनों की ओर से प्रतिक्रियाएं आई थीं। इसी तरह से जब वह कुछ मुस्लिम आरोपियों की तलाश कर रहे थे तब उनके पास मुस्लिम संगठनों की ओर से प्रतिक्रिया मिली थी।' उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिक्रिया लाजिमी है। कविता ने कहा, 'यह कहना बिल्कुल ग़लत है कि 26/11के हमले के पीछे हिंदू संगठन का हाथ है। ऐसे बयानों से लोगों में भ्रम फैलेगा। कविता ने यह भी कहा कि राजनीतिक फायदे के लिए मेरे पति के बलिदान का मखौल उड़ाना बंद होना चाहिए।'

दिग्विजय ने क्‍या कहा था

कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह के मुताबिक 26 नवंबर, 2008 को मुंबई पर हुए आतंकी हमले से 2 घंटे पहले हेमंत करकरे ने उन्‍हें फोन किया था। करकरे ने कहा था कि मालेगांव धमाके की जांच का विरोध कर रहे लोगों से उनकी जान को खतरा है। बताते चलें कि मालेगांव धमाके में साध्‍वी प्रज्ञा सिंह समेत हिंदू संगठनों से जुड़े कई लोग आरोपी हैं।

मीडिया से बातचीत में दिग्विजय ने कहा, '26 नवंबर 2008 की शाम 7 बजे यानी मुंबई हमले के लगभग 2 घंटे पहले तत्कालीन एटीएस चीफ हेमंत करकरे ने मुझे फोन किया था। उन्होंने बताया था कि मालेगांव ब्लास्ट की जांच से खीझे हुए लोग उनको और उनके परिवार वालों को लगातार धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा था कि उनके और उनके परिवार वालों को जान का खतरा है।'

दिग्विजय ने कहा, 'करकरे काफी चिंतित थे और वह स्थानीय दक्षिणपंथी अखबारों के जरिए उनको मिलनेवालीं धमकियों से काफी परेशान थे। करकरे ने मुझे बताया था कि एक दक्षिणपंथी संगठन के मुखपत्र में छपा है कि मेरा बेटा दुबई में है और वह खूब पैसा बना रहा है, पर सच्चाई है कि वह अभी स्कूल में पढ़ता है।'

भाजपा ने मांगी प्रधानमंत्री, सोनिया से सफाई

भाजपा ने दिग्विजय को उनके ‘गैरजिम्‍मेदाराना बयान’ के लिए आडे़ हाथ लेते हुए कहा कि ऐसे बयान से आतंक के खिलाफ भारत की लड़ाई को गहरा धक्‍का लगेगा और ऐसे बयान देकर घोटालों के आरोपों से घिरी यूपीए सरकार से लोगों का ध्‍यान हटाने की कोशिश की जा रही है। पार्टी ने कांग्रेस नेता के बयान पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी का रुख साफ किए जाने की भी मांग की है।

बीजेपी प्रवक्‍ता रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘दिग्विजय सिंह की टिप्‍पणी से 26/11 हमलों की जांच को गहरा झटका लगा है। ऐसे में सीमापार से आने वाले आतंकवादी भी मुंबई हमलों पर सवाल खड़े करने लगेंगे।’

12/07/2010

कश्‍मीर की आजादी और बंटवारे की मांग करने वाले मंत्री पर नहीं होगी कार्रवाई

जम्मू-कश्मीर सरकार के एक मंत्री के बयान से सूबे की सियासत में हलचल है। उमर अब्दुल्ला की कैबिनेट में स्वास्थ्य और बागवानी मंत्री शाम लाल शर्मा ने बानी (कठुआ) में हुई रैली में अपनी पार्टी कांग्रेस को सलाह दी कि जम्मू कश्मीर को आजादी दे दी जानी चाहिए।

शर्मा ने इस रैली में कहा कि जम्मू को अलग राज्य बना दिया जाए और लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश बना कर कश्मीर को आजाद कर दिया जाना चाहिए। शर्मा ने जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सैफुद्दीन सोज की मौजूदगी में कहा, "कश्मीर को आजादी दे दीजिए, यह फायदेमंद है। जम्मू को राज्य का दर्जा दे दीजिए और लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश बनाइए। अगर राज्य का विकास चाहिए तो यही एक हल है।"

इस पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सहित सभी विपक्षी पार्टियों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी के जम्मू-कश्मीर प्रदेश अध्यक्ष एस.एस. मन्हास ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'जो भी इस देश के बंटवारे की बात करता है उसे राष्ट्र विरोधी माना जाना चाहिए।' पार्टी ने शर्मा की मंत्रिमंडल से बर्खास्‍तगी और गिरफ्तारी की मांग की। लेकिन कांग्रेस ने किसी कार्रवाई से साफ इनकार करते हुए बयान को शर्मा का निजी विचार बता कर पल्‍ला झाड़ लिया है।
कांग्रेस के प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि पार्टी का इस मामले में विचार एकदम साफ है और वह है भारतीय संविधान के तहत स्वायत्तता। उन्होंने कहा, ' वह (शर्मा) अपने राज्य में इस बारे में बातचीत कर रहे थे और निश्चित रूप से यह उनका अपना विचार है, जो कुछ शब्द मैंने सुने न तो मैं उन्हें लाक्षणिक भाषण बता सकता हूं और उसे शाब्दिक अर्थ में तो लिया ही नहीं जाना चाहिए।'

पर सोज ने कहा, 'हम सभी एआईसीसी अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रति जवाबदेह है। हम जो भी यहां कहते हैं वह कांग्रेस की विचारधारा के तौर पर समझी जाती है इसलिए हमें पार्टी की विचारधारा के हिसाब से बोलना चाहिए।'

जम्‍मू कश्‍मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के चेयरमैन भीम सिंह ने कहा कि स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री का बयान देशद्रोह की श्रेणी में आता है और यह भारत व जम्‍मू-कश्‍मीर के संविधान के खिलाफ है। उन्‍होंने कहा कि ऐसे बयान के बावजूद कांग्रेस ने अपने मंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है जिससे साफ है कि वह कश्‍मीर को शेष जम्‍मू-कश्‍मीर से अलग करना चाहती है।

गौरतलब है कि सामाजिक कार्यकर्ता और लेखिका अरुंधति राय ने कश्‍मीर को भारत का अभिन्‍न हिस्‍सा नहीं बताया था, तो उनके खिलाफ एक जनहित याचिका दायर हुई और अदालत ने इस बयान के लिए मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।

अब शर्मा के बयान से जहां कांग्रेस विरोधी पार्टियां 'गरम' हैं, वहीं लद्दाख यूनियन टेरिटरी फ्रंट के पूर्व अध्यक्ष थुप्सतन चेवांग ने कहा कि हम लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा देने के शर्मा के बयान का स्वागत करते हैं। चेवांग के मुताबिक, हम लोग इसके लिए १९४७ से संघर्ष कर रहे हैं।  

पाकिस्‍तानी मीडिया ने भी शर्मा के बयान को प्रमुखता से कवर किया है। 'डॉन', 'पाकिस्‍तान ऑब्‍जर्वर' और 'द नेशन' जैसे अखबारों ने शर्मा के बयान को प्रमुखता से कवर किया है।

12/03/2010

विदर्भ में इस वर्ष 153 किसानों ने की आत्महत्या

सरकार ने कहा कि विदर्भ के छह जिलों में इस वर्ष अक्‍टूबर तक 153 किसानों के आत्महत्या करने के मामले सामने आये हैं और सबसे ज्यादा अकोला में 58 किसानों ने खुदकुशी की है.
कृषि राज्य मंत्री के. वी. थॉमस ने कहा कि इस वर्ष महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के छह जिलों में 153 किसानों ने आत्महत्या की है. इनमें से अमरावती में नौ, अकोला में 58, यवतमाल में 18, बुलडाना में 38, वाशिम में 12 और वर्धा में 18 किसानों ने खुदकुशी की है.
उन्होंने प्रकाश जावड़ेकर के सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को बताया कि इन मामलों पर पुनर्वास पैकेज के तहत गौर किया जा रहा है.
थॉमस ने कहा कि किसानों के आत्महत्या करने के पीछे जिम्मेदार कारणों में फसलों को नुकसान पहुंचना, कर्ज में डूबे होना, लंबे समय से बीमार रहना, पारिवारिक विवाद होना या शराब की लत शामिल है.
उन्होंने कहा कि किसानों के लाभ के लिये चल रही विभिन्न योजनाओं में ब्याज माफी के लिये विशेष पुनर्वास पैकेज शामिल है.
कृषि राज्य मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने अंतरराष्ट्रीय कृषि विकास कोष की मदद से विदर्भ के छह जिलों में 593 करोड़ रुपये की महत्वकांक्षी योजना शुरू की है जिसमें विपणन संबंधी मदद मुहैया कराना शामिल है

गोधरा दंगा मामले में मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को क्लीन चिट

आखिरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर बनी एसआईटी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और ''हिन्दु हृदय सम्राट'' नरेन्द्र मोदी को पाक साफ करार दे दिया है। इस निर्णय से कांग्रेस और वामपंथियों की क्या स्थिति होगी इसका अनुमान लगा पाना भी कठिन है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया माइनो तो मोदी को सार्वजनिक रूप से मौत का सौदागर तक कह चुकी है। इस बाबत प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुजरात में आठ साल पहले हुए गोधरा दंगा मामले में मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को क्लीन चिट मिल गई है। मीडिया में ऐसी खबर आ रही है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कहा है कि इन दंगों में मुख्यमंत्री की कोई भूमिका नहीं थी।  मोदी पर आरोप लगा था कि उन्होंने 2002 में हुए दंगों को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाए। लेकिन एक अंग्रेजी अखबार ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि एसआईटी को मोदी की इस भूमिका के बारे में कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं।
इन दंगों की पीड़ित जाकिया जाफरी नामक एक महिला ने मोदी पर जानबूझकर दंगाइयों पर कोई लगाम नहीं लगाने के आरोप लगाए थे। गुलबर्ग सोसाइटी हाउसिंग कॉम्प्लेक्स पर हमला करने वाले दंगाइयों ने जाकिया के पति और कांग्रेस के पूर्व सांसद अहसान जाफरी की बेरहमी से हत्या कर दी थी।
जाफरी की शिकायत पर सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई के पूर्व निदेशक आर के राघवन की अगुवाई में पिछले साल 27 अप्रैल को एसआईटी का गठन किया था। जांच टीम ने इस मामले में मोदी से कई पूछताछ भी की।
एसआईटी ने जांच की स्थिति रिपोर्ट पिछले दिनों सीलबंद लिफाफे में सुप्रीम कोर्ट में पेश कर दी। जस्टिस डी के जैन, पी सदाशिवम और आफताब आलम की पीठ के समझ पेश इस रिपोर्ट में क्या है इसका खुलासा नहीं हो सका है लेकिन मीडिया में सूत्रों के हवाले से आ रही खबर के मुताबिक जाकिया जाफरी की शिकायत मामले में एसआईटी की जांच पूरी हो गई है और जांच टीम को मोदी के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं।

12/02/2010

लालू, पासवान और राहुल बाबा हकीम लुकमान की दुकान में

शीर्षक से आप मेरे स्वास्थ्य को लेकर भ्रमित न हों। यह आंखों देखा हाल मेरे एक बिहारी मित्र ने सुनाया है।
हकीम लुकमान हर दिन की तरह अपनी दुकान पर आये, तो हर दिन से अधिक रोगी दिखाई दिये। इतना ही नहीं, कई अति विशिष्ट जन (वी.आई.पी) भी प्रतीक्षा में था। हकीम साहब ने पहले उन्हें निबटाना ठीक समझा। पहला नंबर लालू जी का था।
लालू - हकीम साहब, क्या बताऊं, दिल टांग टूटी भैंस जैसा बैठ गया है। आवाज नहीं निकल रही। आंखें लालटेन की रोशनी में भी ठीक नहीं देख पा रहीं। सब ओर अंधेरा सा लगता है। मेरा माई समीकरण उड़न फ्लाई हो गया।
हकीम - सुबह नंगे पांव हरी घास में टहलिये, पर इससे आगे न बढ़ें। सुना है घास देखते ही आपके पूर्वजन्म के संस्कार जाग जाते हैं। मैं नुस्खा देता हूं। राबड़ी जी इसे बनाकर खिलाएंगी, तो कुछ ठीक लगने लगेगा।
लालू - राबड़ी की बात न कहें। खाना बनाने को कहते ही वह खाने को दौड़ती है। दोनों सीटों से क्या हारीं, दोनों हाथ और पांव सुन्न हो गये हैं। दोनों भाई भी हार गये। जनता ने मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ा। मुझसे भी घूंघट करने लगी है।
अगला नंबर पासवान जी का था - मेरी हालत तो और भी खराब है हकीम साहब! मुंह कुएं सा सूख रहा है। मुसलमानों के लिए मैंने क्या नहीं किया? पिछले चुनाव में ओसामा बिन लादेन जैसा आदमी साथ लेकर घूमा, पर तब की तरह इस बार भी वे दगा दे गये। मेरे भाई, भतीजे, दामाद सब हार गये। फोन करता हूं, तो काट देते हैं। मेरी मेल गाड़ी तो पैसेंजर भी नहीं रही। जनता ने घर से बेघर कर दिया।
हकीम - मैं दवा देता हूं, पर इसके साथ आपको अगले पांच साल आगे की बजाय, पीछे की ओर मुंह कर टहलना होगा।
तभी गाड़ियों के शोर के बीच राहुल बाबा का प्रवेश हुआ।
राहुल - हकीम साहब ! कुछ दवा मुझे भी दें। मेरा तो सारा भविष्य ही बिहार ने चौपट कर दिया। जहां-जहां मैंने प्रचार किया, वहां जीत तो दूर, कांग्रेस चौथे नंबर पर पहुंच गयी। शून्य से शुरू करने की बात कही थी, तो जनता ने उसके पास ही पहुंच दिया। पैरों पर खड़े होने के चक्कर में हाथ भी गंवा बैठे। युवक और युवतियों के चक्कर में कालेजों में धक्के खाये, पर अब वे मुझे देखते ही मुंह फेर लेते हैं। जिस विदेशी लड़की से बात चल रही थी, उसने भी कई दिन से फोन नहीं किया।
हकीम - आप युवा है, जल्दी ठीक हो जाएंगे। टहलना आपको भी जरूरी है, पर पैर की बजाय हाथ के बल चलने से लाभ जल्दी होगा। इससे हाथ मजबूत होंगे और आप राजा, कलमाड़ी आदि को विरोध के बावजूद साथ रख सकते हैं।
राहुल - क्या मम्मी के लिए भी कोई नुस्खा है ? उनके चेहरे की तो पलिश ही उतर गयी है।
हकीम - बिना देखे मैं दवा नहीं देता। वैसे उनका इलाज भारत की बजाय इटली में हो, तो अधिक अच्छा रहेगा।
तभी हकीम साहब के पुत्र ने आकर कहा कि नीतीश जी आपसे फोन पर बात करना चाहते हैं।
हकीम - उन्हें क्या परेशानी हो सकती है। वे तो खुद इन सबकी परेशानी का कारण हैं। फिर भी बात कराओ।
नीतीश - हकीम साहब ! बधाई और मिठाई तो बहुत मिल रही हैं। मेरी इच्छा थी कि भाजपा का ग्राफ कुछ गिरे, जिससे वे काबू में रहें। इसके लिए नरेन्द्र मोदी तक का अपमान किया, पर उन्होंने तो 90 प्रतिशत सीट जीतकर मुझे भी पछाड़ दिया। तीर की चुभन औरों के साथ मुझे भी महसूस हो रही है।
हकीम - देखो भाई, भारत और भारतीय जनता के मूड का कुछ पता नहीं लगता। धूल भी लात खाकर मुंह गंदा कर देती है। भाजपा वालों ने जो पाठ पढ़ाया है, इसे समझने का प्रयास करो।
नीतीश - पर इसकी दवा.. ?
हकीम - एक शेर सुनो। इसे हर दिन दोहराना ही काफी है।
मोहब्बत में सियासत की गंदगी न मिला
गर गले मिल नहीं सकता, तो हाथ भी न मिला।।
                                                                                                                           ( साभार पांचजन्य)

26/11 के बाद भारत पर परमाणु हमले की सोच रही थी पाक सेना:विकीलीक्‍स

26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्‍तान को इस बात का डर समा गया था कि भारत इसके जवाब में सैन्‍य कार्रवाई कर सकता है। गोपनीय दस्‍तावेज लीक करने वाली वेबसाइट वि‍कीलीक्‍स के ताजा खुलासे में यह बात सामने आई है। विकीलीक्‍स के मुताबिक अमेरिकी अधिकारियों की नजर में हमला होने की नौबत आने पर पाकिस्‍तान परमाणु हथियार उठाने के लिए भी तैयार था।
विकीलीक्‍स की ओर से जारी किए गए इस्‍लामाबाद में मौजूद अमेरिकी अधिकारियों के संदेशों के मुताबिक पाकिस्‍तान और यहां तक कि पश्चिमी देशों का भी मानना है कि भारत और अफगानिस्‍तान दक्षिणी पाकिस्‍तान में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। पश्चिमी देशों के राजनयिकों और पाकिस्‍तानी हुक्‍मरानों की आशंका से जुड़े गोपनीय संदेशों का विकीलीक्‍स ने खुलासा किया है। ये संदेश अमेरिकी विदेश मंत्रालय को भेजे गए थे।

नवाज के भाई ने की आतंकियों की मदद
पाकिस्‍तान में नेता विपक्ष नवाज शरीफ के भाई और पंजाब सूबे के सीएम शाहबाज शरीफ ने आतंकी संगठन लश्‍कर-ए-तैयबा को सलाह दी थी कि वह अपने बैंक खाते खाली कर ले क्‍योंकि मुंबई हमलों के बाद यूएन उस पर बैन लगा सकता है। शाहबाज के कहने पर लश्‍कर ने छापे पड़ने से पहले अपने सारे खाते खाली कर लिए। यह बात राष्‍ट्रपति जरदारी ने खुद इस्‍लामाबाद में अमेरिकी राजदूत एनी पैटरसन को दी थी। मुंबई हमले के छह हफ्ते बाद जरदारी ने अपनी ‘हताशा’ पैटरसन से बयान करते हुए कहा कि पंजाब सूबे में शरीफ सरकार ने लश्‍कर को यूएन की पाबंदी से बचाने में मदद की।

जरदारी की एक नहीं सुनती है पाक सेना
संदेशों में यह भी कहा गया है कि पाकिस्‍तानी सेना पहले परमाणु हथियार इस्‍तेमाल नहीं करने के राष्‍ट्रपति आसिफ अली जरदारी के वादे को गंभीरता से नहीं ले रही थी। यानी भारत की ओर से सैन्‍य हमले की स्थिति में पाकिस्‍तानी सेना भारत से पहले ही परमाणु हथियार से हमला कर देती।
पाकिस्‍तानी हुक्‍मरानों ने अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से भारत की ‘आतंकवादी’ कार्रवाइयों की शिकायत की थी। वि‍कीलीक्‍स के मुताबिक वर्ष 2007 में तत्‍कालीन राष्‍ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने पाकिस्‍तान दौरे पर गए अमेरिकी विदेश उप मंत्री जॉन नेग्रोपोंटे से कहा था, ‘हमारे पास इसके सबूत हैं कि कौन किसे कैसा हथियार दे रहा है। यदि भारत का यही रवैया जारी रहा तो हम भी इसका जवाब देंगे।' सैन्‍य तानाशाह का आरोप था कि बलूचिस्‍तान में भारत और अफगानिस्‍तान आतंकवाद को बढ़ावा दे रहे हैं।
चौंकाने वाली बात तो यह है कि मुशर्रफ के साथ पश्चिमी देशों के राजनयिकों को भी लगता था कि भारत और अफगानिस्‍तान दक्षिणी पाकिस्‍तान में आतंकवाद फैला रहे हैं। इन राजनयिकों को हालांकि यह भी यकीन हो गया था कि मुंबई हमले के पीछे पाकिस्‍तान का हाथ है।

भारत की सैन्‍य ताकत से डर गए हैं जरदारी
विकीलीक्‍स ने भारत की बढ़ती सैन्‍य ताकत पर पाकिस्‍तान की चिंता को लेकर अमेरिकी सीनेटर जॉन केरी के गोपनीय बयान से जुड़ा संदेश भी उजागर किया है। इस साल के शुरू में पाकिस्‍तान के दौरे पर गए केरी के संदेश के मुताबिक, ‘जरदारी ने कहा कि भारत ने इस साल रक्षा बजट में 30 फीसदी की बढ़ोतरी की है और इससे पाकिस्‍तान को सीधा खतरा है।’ जब केरी ने भारत पर चीन की ओर से खतरे के बारे जरदारी से पूछा तो पाकिस्‍तानी राष्‍ट्रपति का कहना था कि भारतीय सेना के टैंक चीनी सीमा से सटे क्षेत्रों में तैनात नहीं किए जाएंगे, इनका इस्‍तेमाल सिर्फ पाकिस्‍तान पर हमले के लिए ही किया जा सकता है।

पाक फिर बौखलाया कश्मीर पर भारत को चेताया

संयुक्त राष्ट्र के मंच पर विदेश मंत्री एसएम कृष्णा की लताड़ से बौखलाए पाकिस्तान ने भारत पर कश्मीर को लेकर अनैतिक और अवैध रुख अपनाने का आरोप लगाया। पाक ने कहा कि भारत को इस मामले के समाधान की दिशा में सार्थक बातचीत के लिए आगे आना चाहिए।
पाक विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल बासित ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कृष्णा की टिप्पणी के मद्देनजर ये आरोप लगाए। बुधवार को कृष्णा ने अपने भाषण में कहा था कि पाकिस्तान अपनी अंदरूनी चुनौतियों पर ध्यान दे और भारत को लोकतंत्र व मानवाधिकार का पाठ न पढ़ाए।
बासित ने गुरुवार को साप्ताहिक प्रेस वार्ता में आरोप लगाया, ‘कृष्णा का यह बयान समझ से परे है। हमें आश्चर्य हो रहा है कि भारत जम्मू-कश्मीर के लंबित मामले को हल करने की बजाय इस मुद्दे पर अपने अनैतिक और अवैध रुख को छोड़ने को तैयार नहीं है।’
बासित के मुताबिक, ‘इसमें शक नहीं कि भारत की तरह पाक भी अंदरूनी समस्याओं का सामना कर रहा है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि जम्मू-कश्मीर में हो रहे मानवाधिकार उल्लंघन के खिलाफ हम आवाज नहीं उठाएं।’ जम्मू-कश्मीर को लेकर पाकिस्तान पिछले कुछ हफ्तों से लगातार भारत की आलोचना कर रहा है। पाक विदेश मंत्रालय ने हाल में कहा था कि भारत को जम्मू-कश्मीर को अपना हिस्सा बताने वाली नीति पर पुनर्विचार करना चाहिए।

शरीफ ने शांति के लिए कश्मीर बेचा
पाकिस्तान के पूर्व सैन्य शासक परवेज मुशर्रफ ने कश्मीर मसले पर प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को आड़े हाथों लिया है। मुशर्रफ का आरोप है कि शरीफ ने कश्मीर की कीमत पर भारत के साथ शांति कायम रखने की कोशिश की। इसका नतीजा 1999 के करगिल युद्ध के रूप में सामने आया। मुशर्रफ इस युद्ध के दौरान सेना प्रमुख थे। उन्होंने दावा किया कि शरीफ पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई से वाकिफ थे। तब पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर से नियंत्रण रेखा के साथ लगी महत्वपूर्ण ऊंची चोटियों पर कब्जा जमा लिया था। बाद में उन्हें भारतीय सैनिकों ने हटाया था।

पाकिस्‍तान में सिखों की आजादी पर बंदिश, कृपाण लेकर कोर्ट में घुसने से रोका

पाकिस्तान में एक सिख नागरिक को लाहौर हाईकोर्ट में कृपाण लेकर घुसने से रोक दिया गया। इससे नाराज नागरिक अजीत सिंह अब सुरक्षाकर्मी के खिलाफ याचिका दाखिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कृपाण को सिखों के शरीर का हिस्सा माना जाता है। अमेरिका में राष्ट्रपति के निवास व्हाइट हाउस में भी कृपाण लेकर प्रवेश करने से नहीं रोका जाता, तो फिर यहां बंदिश क्यों लगाई जा रही है। सिख समुदाय ने भी इसपर नाराजगी जताई है।

अजीत सिंह लाहौर हाईकोर्ट में अपने वकील से मिलने गए थे। लेकिन वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी ने उनसे कृपाण उतारकर अंदर जाने को कहा। इस पर अजीत सिंह और सुरक्षाकर्मी में विवाद हो गया और वे वकील से बिना मिले ही चले आए।

सिंह ने कहा कि सिख से कृपाण हटाने के लिए कहना, उसका अपमान करना है। उन्होंने कहा कि विश्व में कहीं भी सिखों के कृपाण धारण करने पर रोक नहीं है और इसे सुरक्षा के लिए कोई खतरा नहीं माना जाता। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डों, हवाई जहाज आदि सभी जगह सिखों को कृपाण ले जाने की इजाजत है फिर यहां क्यों रोका जा रहा है।

सुरक्षा में लगे एक अधिकारी ने कहा कि सभी सुरक्षा गार्डों को सख्त निर्देश हैं कि वे किसी को भी धारदार सामान लेकर अंदर न जानें दें। उन्होंने कहा कि यहां तक कि पुलिसकर्मी भी अपने हथियार बाहर रखकर ही कोर्ट में दाखिल होते हैं।

सिंह के वकील अली इमरान नकवी ने कहा कि इसके पहले कभी भी सिख समुदाय के किसी भी व्यक्ति को अदालत में घुसने से नहीं रोका गया। इसके अलावा सभी सिख वकील भी कृपाण धारण कर ही अदालत में प्रवेश करते हैं। उन्होंने कहा कि अजीत सिंह को कृपाण लेकर घुसने से रोकना पूरी तरह से गलत है।
अल्पसंख्यकों के साथ ज्यादतियां
पाकिस्तान मुस्लिम बहुल राष्ट्र है और कुल जनसंख्या का केवल 5 प्रतिशत अल्पसंख्यक हैं, जिनमें हिंदू और ईसाई शामिल हैं। पाकिस्तान में पहले भी अल्पसंख्यकों के साथ अन्याय होने की शिकायतें आईं हैं। हाल ही में एक 45 वर्षीय ईसाई महिला पर व्यक्तिगत विवाद के बाद खुदा के अपमान का आरोप लगाया गया और अदालत ने उन्हें मौत की सजा सुनाई है।

कट्टरपंथियों ने धमकी दी है कि यदि राष्ट्रपति ने इस सजा को माफ किया, तो वे पूरे देश में अराजकता फैला देंगे। हालांकि वहां के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री शाहबाज भट्टी ने भी माना है कि महिला को व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण फंसाया गया है।


पाकिस्तान में हिंदुओं के साथ भी ज्यादतियों की कई शिकायतें आईं हैं। वहां जबरन धर्म परिवर्तन की शिकायतें आती रहती हैं। वर्तमान में वहां हिंदू बच्चों के अपहरण की वारदातें काफी बढ़ गई हैं। गुरुवार को ही सिंध प्रांत के कश्मोर क्षेत्र में स्थित एक मंदिर के सामने से एक साढ़े तीन साल की आंचल नाम की हिंदू बच्ची का अपहरण कर लिया गया। भट्टी ने लड़की को रिहा करने की अपील की है।

कोट
‘अल्पसंख्यकों के साथ पाकिस्तान में ज्यादती होती हैं। वहां एक ही अपराध के लिए बहुसंख्यकों और अल्पसंख्यकों के लिए अलग अलग सजा निर्धारित हैं। इस भेदभाव के कारण वहां अल्पसंख्यक वर्ग के कई लोगों की जिंदगी बर्बाद हो गई है।’

- शहरयार गिल, पाकिस्तान के धार्मिक मामलों के जानकार

12/01/2010

(क्या मजाक है) कोर्ट में बोला कसाब, अफजल गुरु जैसा नहीं है मेरा गुनाह

मुंबई पर हमले में शामिल पाकिस्तानी आतंकवादी आमिर अज़मल कसाब ने बंबई हाई कोर्ट में कहा कि उस पर भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने के आरोप नहीं बनते। कसाब ने तर्क दिया कि उसने संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु की तरह सरकारी अधिकारियों या संपत्ति को निशाना नहीं बनाया है।

कसाब के वकील अमीन सोलकर ने यह दलील उस वक्त दी जब जस्टिस रंजना देसाई, जस्टिस आरवी मोरे के साथ 26/11 मामले में कसाब को मिली मौत की सजा की पुष्टि से जुड़े मामले की सुनवाई कर रही थीं।

सुनवाई के दौरान देसाई ने कहा कि कसाब ने छत्रपति शिवाजी रेलवे टर्मिनस पर लोगों पर गोलियां चलाईं, जो एक सरकारी संपत्ति है। उसने पुलिसकर्मियों की भी हत्या की है। सोलकर ने कहा कि अभियोजन पक्ष का यह कहना है कि कसाब ने लोगों पर भले ही गोलियां चलाई हैं। लेकिन इस बात को साबित करने का कोई सबूत नहीं है कि उसने सरकारी अधिकारियों या सरकारी संपत्तियों को निशाना बनाना चाहा था।

अफजल गुरु के मामले का हवाला देते हुए सोलकर ने कहा कि कसाब का इरादा सांसदों, मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों को निशाना बनाने का था। इसलिए उस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने के आरोप सही ठहराए थे।

अरुंधति का बंगला खतरे में, पति की अपील खारिज

भोपाल. मध्य प्रदेश की पिपरिया एसडीएम कोर्ट ने विवादित लेखिका अरुंधति रॉय के पचमढ़ी स्थित बंगले संबंधी अपील को खारिज कर दिया। यह अपील अरुंधति के पति फिल्म निर्माता प्रदीप किशन ने नायब तहसीलदार कोर्ट के फैसले के खिलाफ की थी। इस फैसले में अरुंधति के वन भूमि पर बने मकान और उस जमीन को अवैध ठहराया गया था।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों हाईकोर्ट ने अरुंधति और प्रदीप किशन के मकान के मामले की सुनवाई एसडीएम कोर्ट में करने के निर्देश दिए थे। रॉय दंपती नायाब तहसीलदार कोर्ट के फैसले के खिलाफ सीधे ही हाईकोर्ट चले गए थे जिसे हाईकोर्ट ने सही नहीं माना था। मंगलवार को एसडीएम कोर्ट ने साफ कर दिया कि उक्त मामले में जमीन अगर पिता से पुत्र के पास जाती है तो उसे नामांतरित किया जा सकता है। लेकिन किसी बाहरी या दूसरे व्यक्ति को संरक्षित क्षेत्र में आने वाली जमीन नामांतरित नहीं की जा सकती।

क्या है मामला?

रॉय दंपति ने पचमढ़ी से सात किमी दूर बरीआम गांव (पिपरिया) में एक खूबसूरत घर बनवाया है। यह क्षेत्र पचमढ़ी वन्यजीव अभयारण्य का हिस्सा है और केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने इसे पर्यावरण संरक्षण कानून के तहत इको-संवेदी क्षेत्र घोषित कर रखा है। प्रदीप किशन ने यहां 1992 में जमीन खरीदी थी और 1993 में यह घर बनकर तैयार हो गया था। इस मामले में पचमढ़ी स्पेशल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (साडा) का कहना है कि प्रदीप किशन ने इस जमीन का लैंड यूज (भू-उपयोग) गलत तरीके से बदलवाया था। इस बीच वन विभाग ने भी घर को अभयारण्य क्षेत्र में होने के कारण अवैध करार दे दिया था।

मीरवाइज का विरोध जारी रखेगा भा-ज-यु-मोर्चा

भारतीय जनता पार्टी की युवा इकाई के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कश्मीरी अलगाववादी नेता मीरवाइज उमर फारुख के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रखने की बात कही। कार्यकर्ताओं ने एक दिन पहले ही राजधानी में मीरवाइज पर हमले की कोशिश की थी।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक कार्यकर्ता अनुज शर्मा का कहना है कि वह जब कभी भी, जहां कहीं भी जाएंगे हम उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे। सभी राज्यों में हमारे सदस्य बहुत सक्रिय है और वे देश के प्रति असम्मान दिखाने वाले ऐसे देशद्रोहियों के खिलाफ प्रदर्शन करेगे।
गौरतलब है कि मंगलवार को हुर्रियत कांफ्रेंस के नेता मीरवाइज विदेशी संवाददाताओं के क्लब में एक सम्मेलन में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। वहां क्लब के बाहर भाजयुमो के करीब 150 कार्यकर्ता जमा हो गए। उन्होंने मीरवाइज के खिलाफ नारे लगाते हुए उनकी कार पर अंडे, पानी की बोतलें और पत्थर उछाले। इससे मीरवाइज की कार को नुकसान पहुंचा था।
शर्मा ने कहा कि जब मीरवाइज बाहर आए तो हमने उन पर फिर से अंडे उछाले लेकिन हमारा निशाना चूक गया। जब वह कार से निकल गए तो प्रदर्शनकारियों ने उनके पोस्टर जलाए।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल [सीआरपीएफ] और दिल्ली पुलिस के जवान मीरवाइज को सुरक्षित निकाल कर ले गए। पुलिस ने करीब 70 से 75 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया। बाद में उन्हे रिहा कर दिया गया।

विकी खुलासा: भारत-पाकिस्‍तान में हो सकती है ‘जंग’

युद्ध में भारत पर भारी पड़ेगा पाकिस्तान!

नई दिल्‍ली. अमेरिका के ढाई लाख से भी ज्‍यादा गोपनीय संदेश लीक करने वाली वेबसाइट विकीलीक्‍स ने भारत से जुड़ा सनसनीखेज खुलासा किया है। इसके मुताबिक अमेरिका को शक है कि भारत-पाकिस्‍तान के बीच जंग के आसार हैं। यही नहीं, अमेरिका का यह भी अनुमान है कि यदि लड़ाई हुई तो भारतीय सेना मुकाबले में टिक नहीं सकेगी।

भारत में अमेरिकी राजदूत टिमोथी जे रोमर ने इस संबंध में एक गोपनीय संदेश अमेरिकी विदेश मंत्रालय को भेजा था। 16 फरवरी, 2010 को भेजा गया यह संदेश विकीलीक्‍स ने सार्वजनिक कर दिया है और ब्रिटिश अखबार ‘गार्जियन’ में प्रकाशित हुआ है।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधि को इस बात की भी आशंका है कि यदि भारतीय फौज पाकिस्‍तान पर हमला करती है तो उसे मुंह की खानी पड़ सकती है। अमेरिका ने इस युद्ध के लिए कोर्ड वर्ड का भी इस्‍तेमाल किया है जिसे ‘कोल्‍ड स्‍टार्ट’ कहा गया है।

विकीलीक्‍स ने तीन दिन पहले दुनिया भर के 250 से भी ज्‍यादा अमेरिकी दूतावासों से जारी गोपनीय संदेश सार्वजनिक किया था। यह इतिहास में खुफिया जानकारी का सबसे बड़ा खुलासा है।

दिल्‍ली से भेजे संदेश में अमेरिकी राजदूत रोमर ने पाकिस्‍तान के खिलाफ भारत की 'जंगी तैयारियों' को ‘कोल्‍ड स्‍टार्ट’  कहा है। उनके मुताबिक यह अभियान कल्‍पना और हकीकत का मिला-जुला रूप है। वह कहते हैं कि चूंकि इसे कभी आजमाया नहीं गया है और न ही भारत के पास पर्याप्‍त संसाधन है, इसलिए भारत इसमें सफल नहीं हो पाएगा। रोमर ने बताया है कि भारत ने 2004 में ‘ऑपरेशनल अटैक’ की योजना बना ली थी। इसके मुताबिक संकट की घड़ी में 72 घंटे के भीतर इस योजना को अमली जामा पहना दिया जाएगा।

रोमर के मुताबिक ‘कोल्‍ड स्‍टार्ट’ पाकिस्‍तान पर पूरी तरह हमला या कब्‍जा करने की योजना नहीं है। यह भारत में पाकिस्‍तानी आतंकवादियों के हमले के जवाब में तुरंत की जाने वाली कार्रवाई है जिसके तहत पाकिस्‍तान की सीमा रेखा में घुसकर हमला किया जा सकता है।  हालांकि भारत इस दौरान यह ध्‍यान रखेगा कि पाकिस्‍तान के वजूद और इसके परमाणु हथियारों पर कोई खतरा नहीं हो।

एनडीए के शासनकाल में बनी थी योजना
संदेश में कहा गया है कि कोर्ल्‍ड स्‍टार्ट की घोषणा 2004 में भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार ने की थी लेकिन कांग्रेस नीत गठबंधन ने इसे सार्वजनिक नहीं किया। भारत सरकार को आशंका है कि यदि वह कोर्ल्‍ड स्‍टार्ट को लागू करेगी तो पाकिस्‍तान परमाणु ह‍मला कर सकता है। यह भी कहा गया है कि यदि भारत अपनी मौजूदा सैन्‍य क्षमताओं के बूते पाकिस्‍तान पर हमला करता है तो इसका मिले-जुले परिणाम हो सकते हैं।

अमेरिकी राजदूत ने कहा था कि 2008 में मुंबई हमले के बाद भारत ‘कोल्‍ड स्‍टार्ट’ को लागू नहीं कर पाया जबकि इन हमलों में पाकिस्‍तान स्थित आतंकवादी गुटों का हाथ होने की बात सामने आई। उन्‍होंने मुंबई हमलों के बाद पाकिस्‍तान के खिलाफ इस योजना को लागू नहीं किए जाने के बारे में कहा कि भारत सरकार नहीं चाहती है कि ‘कोल्‍ड स्‍टार्ट’ को लागू किया जाए और परमाणु युद्ध की नौबत आए। हालांकि अमेरिका मानता है कि भारत चाहकर भी इस योजना को लागू नहीं कर पाएगा क्‍योंकि इसके पास पर्याप्‍त संसाधन नहीं हैं और इस योजना को लागू करने की राह में राजनीतिक समेत कई अड़चनें सामने आ सकती हैं।

संसद हमले के बाद कोर्ल्‍ड स्‍टार्ट पर हुआ था विचार
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के गोपनीय दस्‍तावेज के मुताबिक 2001 में भारतीय संसद पर हुए आतंकी हमले के बाद कोर्ल्‍ड स्‍टार्ट की योजना पर विचार किया गया और अगले साल से इस पर काम शुरू हो गया। इसके मुताबिक भारतीय सेना हमले का आदेश मिलने के 72 घंटे के भीतर ही पूरी तरह तैयार होकर पंजाब और राजस्‍थान में अपने सैन्‍य ठिकानों पर मोर्चा संभाल लेगी।

रोमर के मुताबिक कोल्‍ड स्‍टार्ट की स्थिति में भारतीय वायु सेना की भूमिका अहम हो सकती है लेकिन इस ‘जंग’ में नौसेना या समुद्र से हमला करने की संभावना का जिक्र नहीं है। यह भी साफ नहीं है कि इस 'जंग' में ऑपरेशन लेवल पर किसे शामिल किया जा सकता है।

रोमर ने अपने इस संदेश के आखिर में कहा था, ‘भारत सरकार के कई बड़े अधिकारियों ने कोल्‍ड स्‍टार्ट के बारे में पूछे जाने पर कहा कि उन्‍होंने कभी इस सिद्धांत को बढ़ावा दिया है और न ही इसकी वकालत करेंगे। इन अधिकारियों में राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रह चुके एम के नारायणन भी थे। हालांकि भारतीय सेना इस योजना के समर्थन के भले ही है लेकिन इसे राजनीतिक समर्थन नहीं है।’

11/30/2010

विस्फोट डॉट कॉम का नया विस्फोटः देश की सुरक्षा के लिए खतरा बन गये हैं चिदम्बरम

राजा के खिलाफ अभियान छेड़ने के कारण फिर से चर्चा में आये जनता पार्टी नेता सुब्रमनियम स्वामी ने एक और धमाका किया है. उन्होंने 27 नवंबर 2010 को प्रधानमंत्री को एक पत्र लिखकर सूचित किया है कि उनके गृह मंत्री पी. चिदंबरम राष्ट्रीय सुरक्षा के लिये खतरा बनते जा रहे हैं. अत: उनके खिलाफ तत्काल कार्र‌वाई करते हुए उनसे इस्तीफा मांगा जाये. इस पत्र में उन्होंने चिदंबरम के चरित्र पर भी कई गंभीर सवाल खड़े किये हैं, जैसे उनका मसाज सेंटर में जाना और हाईप्रोफाइल वेश्याओं से संसर्ग करना. यह पत्र ईमेल के जरिये विस्फोट डॉट कॉम मिला है, ऐसा दावा किया गया है, मगर संभवत: इसकी खबर मीडिया में अब तक नहीं आई. पत्र का हिंदी अनुवाद –

27.11.2010
                                   डॉ. मनमोहन सिंह
                                                प्रधानमंत्री
                                          साउथ ब्लाक
                                              नई दिल्ली
प्रिय प्रधानमंत्री
मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि आपने अंतत: अपने गृह मंत्री पी. चिदंबरम के दवाब की अनदेखी करते हुए गृह विभाग के संयुक्त सचिव रवि इंदर सिंह के गिरफ्‌तारी के आदेश जारी करवा दिये जिन पर देश के साथ गद्दारी करने का आरोप था.
अब वक्त आ गया है कि आप मेरे उन पत्रों पर भी विचार करें जिनके जरिये मैंने आपको सूचित किया था कि किस तरह गृहमंत्री चिदंबरम ने कुछ ऐसे कार्य किये है एक मंत्री के रूप में जिसकी अपेक्षा उनसे नहीं की जाती है. मैंने आपको पहले ही सूचित किया था कि चिदंबरम अक्सर एक सरकारी होटल के मसाज पार्लर में जाया करते हैं, जहां उजबेक लड़कियां काम करती हैं. वे अक्सर जींस और गॉगल्‌स पहनकर नई दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके में बिना ड्राइवर घूमते पाये गये हैं. इसी क्रम में एक बार बेंगलुरू में उन्होंने टाइम्स आफ इंडिया के एक फोटोग्राफर की पिटाई कर दी थी, जब उसने एक डिस्कोथेक में उनकी तस्वीर लेने की कोशिश की थी. वित्त मंत्रालय में कार्यरत एक महिला आईएएस ने भी उनके विभाग से तबादला कराने का अनुरोध किया था, उसका आरोप था कि उसे परेशान किया जा रहा है.
मैंने आपको हाल में ही सूचित किया है कि लंदन निवासी मेरे एक मित्र ने मुझे सूचित किया है कि  ब्रिटिश गुप्तचर एजेंसी एमआई-6 के पास चिदंबरम का ऐसा वीडियो है जिसमें उन्हें एक यूरोपियन एस्कॉट गर्ल‌ के साथ दिखाया गया है. यह एस्कॉट एक भारतीय कंपनी ने उपलब्‌ध कराई थी जिसके वे पेड निदेशक रह चुके हैं. आपको यह निश्चित तौर पर मालूम होगा कि 2009 के चुनाव में चिदंबरम की जीत पूरी तरह से फ्रॉड था. एआईडीएमके कैंडिडेट उनसे 7000 वोटों से जीत चुके थे.
अब यह जानकर हम चिंतित हैं कि आपकी सरकार ने चिदंबरम महोदय के अनुरोध पर उन तमाम लोगों को कश्मीर वापस आने की अनुमति दे दी है जो 1989 में कश्मीर छोड़कर पीओके चले गये थे. यह राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से घातक कदम होगा. यह उन तत्वों को समर्थन देने की कोशिश होगा जो कश्मीर को भारत से अलग करना चाहते हैं. इसके अलावा इस कदम से आईएसआई को भारत में आतंक का नेटवक्‌ फैलाने में भी मदद मिलेगी. इसके अलावा इस बात पर भी ध्यान देने की जरूरत है कि कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अबदुल्ला दुबई और लंदन में पाकिस्तानी एजेंसियों से मिलते हैं.
इसलिये सुरक्षा के मद्देनजर मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आप अपने गृह मंत्री पी. चिदंबरम से इस्तीफा मांग लें, क्योंकि उनके क्रियाकलापों से राष्ट्रीय सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो रहा है. वे लगातार अपने मंत्रालय के काम पर ध्यान देने में विफल रहे हैं.
                                                                                                                              आपका विश्वासभाजक
                                                                                                                                 सुब्रमनियम स्वामी

हमारे राजनयिकों ने कुछ गलत नहीं कियाः अमेरिका

अमेरिकी राजनयिकों की ओर से भारत समेत संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों की जासूसी के खुलासे के बाद आज एक शीर्ष अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि देश के प्रतिनिधि अपने अन्य विदेशी समकक्षों की तरह संबंधों को मजबूत कर रहे थे। विकीलीक्स पर अमेरिका के गोपनीय संदेशों के प्रसारित होने के बाद संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत सुसान राइस ने कहा, ‘‘हमारे राजनयिकों ने वही किया जो दुनियाभर में राजनयिक प्रतिदिन करते हैं। वे रिश्ते बनाते हैं, बातचीत करते हैं, हमारे हितों को आगे बढ़ाते हैं और जटिल समस्याओं का समान हल तलाशते हैं।‘‘ सुसान ने कहा, ‘‘मैं सिर्फ यह रेखाकिंत करना चाहती हूं कि इस जटिल विश्व में जहां हम रहते हैं, इसमें अमेरिकी राजनयिक जो काम संयुक्त राष्ट्र और पूरे विश्व में करते हैं वह हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिये अनिवार्य है। यह अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा में हमारे साझा हितों को आगे बढ़ाता है।‘‘ विकीलीक्स के सोमवार को जारी संदेशों से खुलासा हुआ था कि अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने संयुक्त राष्ट्र में भारत के राजदूत हरदीप पुरी तथा अन्य लोगों के ‘जीवन और शारीरिक जानकारियों‘ को इकट्ठा करने का निर्देश दिया था।
विकीलीक्स के की ओर से जारी अमेरिकी संदेशों में कहा गया था, ‘‘निर्गुट सम्मेलन, जी 77, ओआईसी के स्थायी सदस्यों, विशेषकर चीन, क्यूबा, मिस्र, भारत, इंडोनेशिया, मलेशिया, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, सूडान, उगांडा, सेनेगल और सीरिया के प्रतिनिधियों के शारीरिक और जीवन संबंधी सूचनायें और उनका उनके (देश की) राजधानी से संबंधों के बारे में जानकारी दें।‘‘ यह संदेश अगस्त 2009 में हिलेरी क्लिंटन के कार्यालय से भेजा गया था। एक अन्य संदेश में हिलेरी ने जी फोर के सदस्यों- ब्राजील, जर्मनी, भारत और जापान को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता के लिये ‘‘स्वयभू दावेदार‘ बताया था। ये संदेश अमेरिका के नयी दिल्ली स्थित दूतावास से भी भेजा गया है। यह पूछे जाने पर कि क्या संदेश असली है, इस पर सुसेन राइस ने कहा, ‘‘मैं गोपनीय दस्तावेजों या कथित गोपनीय दस्तावेजों और उसकी विषय वस्तु पर टिप्पणी नहीं करने जा रही हूं।‘‘ उन्होंने कहा, ‘‘यह वह समय है जब अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के नेतृत्व में हम विश्वभर में अपने भागीदारों और सहयोगियों के साथ अपने संबंधों को फिर से मजबूत कर रहे हैं।‘‘ इस बीच संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि वह इन दस्तावेजों की वैधानिकता पर कोई टिप्पणी नहीं करने जा रहा है लेकिन वह और जानकारियां चाहता है। इसके बाद वह उचित जवाब देगा।

अरूंधति, गिलानी के खिलाफ मामला दर्ज

नई दिल्ली। अदालत के निर्देश का पालन करते हुए दिल्ली पुलिस ने सोमवार को प्रख्यात लेखिका और सामाजिक कार्यकर्ता अरूंधति राय और कश्मीरी अलगाववादी नेता सैयद अली गिलानी के खिलाफ यहां एक सम्मेलन में भारत विरोधी बयान देने के आरोप में राजद्रोह का मामला दर्ज कर लिया।

दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 124 ए (राजद्रोह), 153 ए (दो समुदायों में वैमनस्य फैलाने), 153 बी (राष्ट्रीय अखंडता के विरूद्ध बयान देने), धारा 504 (शांति भंग करने के मकसद से अपमानजनक टिप्पणी करने) और धारा 505 (दंगा भ़डकाने वाला बयान देने) के तहत मामला दर्ज किया है। दिल्ली की अदालत ने "रूट्स इन कश्मीर ऑर्गनाइजेशन" के एक सदस्य सुशील पंडित की शिकायत पर गिलानी, राय और पांच अन्य पर भारत विरोधी बयान देने के लिए मामला (एफआईआर) दर्ज करने का आदेश दिया था। पंडित के वकील विकास प़डोरा ने आईएएनएस से बताया कि दिल्ली पुलिस ने राय और गिलानी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पंडित ने तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में गिलानी, राय और अन्य के खिलाफ "आजादी : एक मात्र रास्ता" सम्मेलन में भारत विरोधी बयान देने के कारण 28 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज करने के लिए शिकायत दर्ज की थी। याचिका में कहा गया था कि आरोपियों ने कश्मीर को भारत से अलग करने के पक्ष में बयान दिया था।

विकीलीक्स से हुए नुकसान की भरपाई में जुटा पाक

इस्लामाबाद : पाकिस्तान ने आज कहा कि उसने अपने एक परमाणु संयंत्रों में एक से संवर्धित इंधन को हटाने की इजाजत अमेरिका को नहीं दी थी. अमेरिका को ऐसी आशंका थी कि आतंकवादी परमाणु हथियार की चोरी या उसे बनाने के लिए सामग्री जुटाने के लिए पाक परमाणु कार्यक्रम पर बुरी नजर डाल सकते हैं.       विकीलीक्स की ओर से जारी किए गए गोपनीय अमेरिकी दस्तावेजों में कहा गया है कि अमेरिका वर्ष 2007 से पाकिस्तान के एक अनुसंधान संयंत्र से उच्च संवर्धित यूरेनियम को हटाने की प्रयास में जुटा था. इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल बासित ने कहा कि पाकिस्तान से ईंधन के स्थानांतरण की इजाजत नहीं दी.        संवर्धित यूरेनियम के स्थानांतरण करने के लिए अमेरिकी दबाव के मुद्दे पर बासित ने यह स्वीकार किया कि पाकिस्तान ने ऐसा नहीं होने दिया.        बासित ने कहा ‘‘इस प्रयोग संबंधी संयंत्र की स्थापना 1960 के दशक में अमेरिकी सहयोग से हुई थी. अमेरिका ने इस संयंत्र के लिए प्रारंभ में ईंधन दिया था.’’        उन्होंने कहा, ‘‘ईंधन स्थानांतरण करने का अमेरिकी सुझाव बडे दुख के साथ खारिज कर दिया गया.’’ बासित ने इस बात पर बल देते हुए कहा कि पाकिस्तान एक उन्नत परमाणु प्रौद्योगिकी देश है और कोई भी उसकी परमाणु सुविधायों और परिसंपत्तियों में हाथ नहीं लगा सकता.       मई, 2009 के गोपनीय संदेश में पाकिस्तान में अमेरिकी दूत अन्ने पैटर्सन ने कहा था कि इस्लामाबाद ने अमेरिकी विशेषज्ञों के दौरे से इनकार कर दिया था. पैटरसन ने एक पाकिस्तानी अधिकारी के हवाले से कहा था कि परमाणु ईंधन हटाने को पाकिस्तान में अमेरिका द्वारा पाकिस्तान के परमाणु हथियार ले लिये जाने के रूप में देखा जाएगा.        अमेरिकी अधिकारियों ने चिंता जतायी थी कि आतंकवादियों की नजर परमाणु हथियार की चोरी या उसे बनाने के लिए सामग्री जुटाने के लिए पाकिस्तान के परमाणु कार्यक्रम पर है.

लिखिए अपनी भाषा में